Skip to main content

जीवन संगीत

जीवन संगीत 

जो वीणा से संगीत के पैदा होने का नियम है, वही जीवन-वीणा से संगीत पैदा होने का नियम भी है। जीवन-वीणा की भी एक ऐसी अवस्था है, जब न तो उत्तेजना इस तरफ होती है, न उस तरफ। न खिंचाव इस तरफ होता है, न उस तरफ। और तार मध्य में होते हैं। तब न दुख होता है, न सुख होता है। क्योंकि सुख एक खिंचाव है, दुख एक खिंचाव है। और तार जीवन के मध्य में होते हैं--सुख और दुख दोनों के पार होते हैं। वहीं वह जाना जाता है जो आत्मा है, जो जीवन है, जो आनंद है।
आत्मा तो निश्चित ही दोनों के अतीत है। और जब तक हम दोनों के अतीत आंख को नहीं ले जाते, तब तक आत्मा का हमें कोई अनुभव नहीं होगा।" ---ओशो
पुस्तक के कुछ मुख्य विषय-बिंदु:
क्या आप दूसरों की आंखों में अपनी परछाईं देख कर जीते है?
क्या आप सपनों में जीते है?
हमारे सुख के सारे उपाय कहीं दुख को भुलाने के मार्ग ही तो नहीं है?
प्रेम से ज्यादा पवित्र और क्या है?
क्या आप भीतर से अमीर है ?
जीवन का अर्थ क्या है ?
सामग्री तालिका
अध्याय शीर्षक
    #1: पहला सूत्र: आत्म-स्वतंत्रता का बोध
    #2: दूसरा सूत्र: खोजें मत, ठहरें
    #3: विचार-क्रांति
    #4: स्वप्न से जागरण की और
    #5: दुख के प्रति जागरण
    #6: समस्त के प्रति प्रेम ही प्रार्थना है
    #7: विश्वास: सत्य की खोज में सबसे बड़ी बाधा


विवरण
ध्यान साधना शिविर, उदयपुर में ध्यान-प्रयोगों एवं प्रश्नोत्तर सहित ओशो द्वारा दिए गए दस अमृत प्रवचनों का अपूर्व संकलन

उद्धरण : जीवन संगीत - पहला सूत्र : प्रवचन - आत्म-स्वतंत्रता का बोध

अंधकार का अपना आनंद है, लेकिन प्रकाश की हमारी चाह क्यों है? प्रकाश के लिए हम इतने पीड़ित क्यों हैं? यह शायद ही आपने सोचा हो कि प्रकाश के लिए हमारी चाह हमारे भीतर बैठे हुए भय का प्रतीक है, फियर का प्रतीक है। हम प्रकाश इसलिए चाहते हैं ताकि हम निर्भय हो सकें। अंधकार में मन भयभीत हो जाता है। प्रकाश की चाह कोई बहुत बड़ा गुण नहीं है, सिर्फ अंतरात्मा में छाए हुए भय का सबूत है। भयभीत आदमी प्रकाश चाहता है। और जो अभय है, उसे अंधकार भी अंधकार नहीं रह जाता है। अंधकार की जो पीड़ा है, जो द्वंद्व है, वह भय के कारण है। और जिस दिन मनुष्य निर्भय हो जाएगा, उस दिन प्रकाश की यह चाह भी विलीन हो जाएगी।
और यह भी ध्यान रहे कि पृथ्वी पर बहुत थोड़े से ऐसे कुछ लोग हुए हैं, जिन्होंने परमात्मा को अंधकार-स्वरूप भी कहने की हिम्मत की है। अधिक लोगों ने तो परमात्मा को प्रकाश माना है। गॉड इ़ज लाइट। परमात्मा प्रकाश है, ऐसा ही कहने वाले लोग हुए हैं। लेकिन हो सकता है, ये वे ही लोग हों, जिन्होंने परमात्मा को भय के कारण माना हुआ है। जिन लोगों ने भी ‘परमात्मा प्रकाश है’, ऐसी व्याख्या की है, ये जरूर भयभीत लोग होंगे। ये परमात्मा को प्रकाश के रूप में ही स्वीकार कर सकते हैं। डरा हुआ आदमी अंधकार को स्वीकार नहीं कर सकता।
लेकिन कुछ थोड़े से लोगों ने यह भी कहा है कि परमात्मा परम अंधकार है। मैं खुद सोचता हूं, तो परमात्मा को परम अंधकार के रूप में ही पाता हूं। क्यों? क्योंकि प्रकाश की सीमा है; अंधकार असीम है। प्रकाश की कितनी ही कल्पना करें, उसकी सीमा मिल जाएगी। कैसा ही सोचें, कितना ही दूर तक सोचें, पाएंगे कि प्रकाश सीमित है। अंधकार की सोचें, अंधकार कहां सीमित है? अंधकार की सीमा को कल्पना करना भी मुश्किल है। अंधकार की कोई सीमा नहीं है। अंधकार असीम है। इसलिए भी कि प्रकाश एक उत्तेजना है, एक तनाव है। अंधकार एक शांति है, विश्राम है। लेकिन, चूंकि हम सब भयभीत लोग हैं, डरे हुए लोग हैं, हम जीवन को प्रकाश कहते हैं और मृत्यु को अंधकार कहते हैं।
सच यह है कि जीवन एक तनाव है और मृत्यु एक विश्राम है। दिन एक बेचैनी है, रात एक विराम है। हमारी जो भाग-दौड़ है अनंत-अनंत जन्मों की, उसे अगर कोई प्रकाश कहे तो ठीक भी है। लेकिन जो परम मोक्ष है, वह तो अंधकार ही होगा।
—ओशो
अधिक जानकारी
Publisher    OSHO Media International
ISBN-13    978-81-7261-275-7
Number of Pages    232

Reviews
Average: 5 (1 vote)